जनवरी में वृंदावन आ सकती हैं राष्ट्रपति मुर्मु, सुदामा कुटी आश्रम के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता

वृंदावन स्थित ऐतिहासिक सुदामा कुटी आश्रम की स्थापना को जनवरी में 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर आयोजित शताब्दी समारोह के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को विशेष आमंत्रण भेजा गया है। आश्रम के महंत श्री सुतीक्ष्ण दास महाराज ने दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया।

महंत ने राष्ट्रपति को भगवान श्रीकृष्ण की छवि भेंट की और ब्रज क्षेत्र के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई और उसके शुद्धिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यमुना जी श्रीकृष्ण की पटरानी मानी जाती हैं, इसलिए उनका जल इतना पवित्र होना चाहिए कि भगवान का अभिषेक व श्रद्धालु स्नान कर सकें।

करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में राष्ट्रपति मुर्मु ने ब्रज क्षेत्र की यात्रा करने की इच्छा जताई। उन्होंने श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और उनकी लीलास्थलियों के दर्शन की बात कही। साथ ही, उन्होंने आश्रम के शताब्दी कार्यक्रम में आने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर आश्रम के महंत अमर दास महाराज, मोहन कुमार शर्मा, शिव सेवक दास और अमरीश मिश्रा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed