सुनीता की धरती पर वापसी पर बोले जितेंद्र सिंह, जानिए यान कहां करेगा लैंड।


सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की पृथ्वी वापसी, स्पेसएक्स यान हुआ रवाना
नासा के दो अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल पृथ्वी की ओर प्रस्थान कर चुका है। बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स इस यान में सवार होकर धरती की ओर लौट रहे हैं। भारतीय समयानुसार, 19 मार्च 2025 को तड़के 3:27 बजे यह फ्लोरिडा के समुद्री तट पर लैंड करेगा। सुनीता विलियम्स की वापसी को लेकर भारत में उत्साह देखा जा रहा है।
सुनीता विलियम्स को कहा ‘भारत की बेटी’
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को ‘भारत की बेटी’ बताते हुए कहा कि पूरी दुनिया उनके और बुच विल्मोर की वापसी का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर लगभग नौ महीने बिताए हैं।
देश को उन पर गर्व
जितेंद्र सिंह ने कहा कि सुनीता विलियम्स ने अपने कर्तव्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर देश और दुनिया को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।
भारतीय जड़ों से जुड़ीं सुनीता विलियम्स
मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में महाकुंभ को लेकर एक बयान दिया, और इसी दिन सुनीता विलियम्स ने भी कुंभ के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुजरात में उनकी भारतीय जड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और सुनीता विलियम्स के बीच एक खास संबंध है।
पीएम मोदी ने लिखा पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च 2025 को सुनीता विलियम्स को एक पत्र लिखा था, जिसमें उनके भारत से गहरे संबंधों का जिक्र किया गया था। उन्होंने कहा कि अब कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशनों का नेतृत्व भारतीय मूल के वैज्ञानिक कर रहे हैं, जिससे भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हो रही है।
कहां लैंड करेगा अंतरिक्ष यान?
स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल, जिसमें सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर सवार हैं, अमेरिका के फ्लोरिडा तट के पास समुद्र में लैंड करेगा। यह ‘स्प्लैशडाउन’ प्रक्रिया के तहत होगा, जिसमें यान पैराशूट की मदद से समुद्र में उतरेगा। नासा और स्पेसएक्स द्वारा लैंडिंग स्थान को मौसम और अन्य तकनीकी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर चुना गया है, जिससे अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।