“मार्च में कैसा रहेगा मौसम? गर्मी कितनी बढ़ेगी? IMD का पूर्वानुमान जानिए”


मार्च में कैसा रहेगा मौसम? IMD ने दी जानकारी
फरवरी के अंत में मौसम में फिर बदलाव देखा गया। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को बताया कि मार्च का महीना सामान्य से अधिक गर्म रह सकता है, साथ ही गर्म हवाएं भी चलने की संभावना है। यह देशभर में गर्मियों के आगमन का संकेत देगा।
तापमान रहेगा सामान्य से अधिक
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डी. शिवानंद पई के अनुसार, प्रायद्वीपीय भारत के कुछ दक्षिणी हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश क्षेत्रों में मार्च का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
1901 के बाद सबसे गर्म रही फरवरी
मार्च में अधिक गर्मी रहने की संभावना इसलिए जताई जा रही है क्योंकि 1901 के बाद यह फरवरी का सबसे गर्म महीना रहा। इस दौरान औसत तापमान 22.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य 20.70 डिग्री से 1.34 डिग्री अधिक था।
फरवरी में हुई बेहद कम बारिश
पई ने बताया कि इस साल फरवरी में पूरे देश में 10.9 मिमी बारिश हुई, जो 1901 के बाद 18वीं सबसे कम और 2001 के बाद पांचवीं सबसे कम दर्ज की गई बारिश है।
2001 के बाद चौथी सबसे कम वर्षा दक्षिण भारत में
दक्षिण भारत में 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो 1901 के बाद 10वीं और 2001 के बाद चौथी सबसे कम बारिश थी।
IMD के अनुसार, आने वाले महीनों में तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी का प्रभाव ज्यादा महसूस किया जा सकता है।